– चंडीगढ़ में बिक्री के लिए बनी 9504 पव्वे रॉयल चैलेंज व्हिस्की बरामद, भारतमाला रोड पर नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई
हनुमानगढ़। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत संगरिया थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 36 लाख रुपए कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब से भरी पिकअप जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थ, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा, अवैध धंधों एवं संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत संगरिया थाना प्रभारी अमर सिंह के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक विजय सिंह एवं पुलिस टीम ने भारतमाला रोड पर डबवाली-हनुमानगढ़ मार्ग स्थित नगराना टोल नाके के पास गश्त और नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई की।

पुलिस ने संदिग्ध पिकअप नंबर आरजे 46 जीए 6470 को रोककर तलाशी ली। वाहन से 198 कार्टन में 9504 पव्वे रॉयल चैलेंज व्हिस्की (फॉर सेल चंडीगढ़ ओनली) 180 एमएल बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने पिकअप चालक अनिल कुमार (25) पुत्र बीरबल राम डारा बिश्नोई निवासी भादू गोयतों की ढाणी, हेमागुड़ा तहसील चितलवाना पीएस झाब जिला जालौर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ संगरिया थाने में राजस्थान आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले का अनुसंधान उपनिरीक्षक केशव शर्मा कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में जिला विशेष टीम हनुमानगढ़ की ओर से गोपनीय सूचना एवं साक्ष्य संकलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक विजय सिंह, हेड कांस्टेबल हनुमानराम, कांस्टेबल ज्वाला सिंह, विकेश कुमार तथा तेजेन्द्र कुमार शामिल रहे।
