हनुमानगढ़। नोहर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5.15 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, नोहर थाना के उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार गुरुवार रात्रि को अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान नोहर कस्बे के वार्ड नंबर 33 में संदेह के आधार पर एक युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 5.15 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने मौके से इमरान (23) पुत्र हुसैन खान निवासी वार्ड नंबर 6, मन्दरपुरा पीएस खुइयां को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में साक्ष्य संकलन एवं गोपनीय आसूचना संकलन में डीएसटी सेक्टर नोहर की महत्ती भूमिका रही। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार, सहायक उप निरीक्षक इन्द्राज सिंह, कांस्टेबल रामहरि, सुरेन्द्र और राजकुमार शामिल रहे। मामले का अनुसंधान थाना प्रभारी अजय गिरधर कर रहे हैं। पुलिस आरोपी से बरामद मादक पदार्थ के स्रोत तथा खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
