हनुमानगढ़। भाजपा नगर मंडल हनुमानगढ़ टाउन के अध्यक्ष नितिन बंसल ने केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर सिरसा से हनुमानगढ़ तक राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तार की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्ग हरियाणा के सिरसा तक है, जिसे हनुमानगढ़ तक बढ़ाया जाए ताकि हनुमानगढ़ जिला सीधे देश की राजधानी दिल्ली से राष्ट्रीय राजमार्ग के माध्यम से जुड़ सके। नितिन बंसल ने पत्र में उल्लेख किया कि हनुमानगढ़ एवं श्रीगंगानगर क्षेत्र कृषि, व्यापार और उद्योग की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। सिरसा-हनुमानगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग बनने से किसानों, व्यापारियों, उद्योगों, विद्यार्थियों तथा आमजन को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। माल परिवहन में समय और लागत की बचत होगी, जिससे व्यापार को गति मिलेगी और नए निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी। इसके साथ ही क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय राजमार्ग राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली के बीच आर्थिक एवं सामाजिक संपर्क को मजबूत करेगा तथा सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बंसल ने केन्द्रीय मंत्री गडकरी से जनहित को ध्यान में रखते हुए सिरसा से हनुमानगढ़ तक राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तार एवं निर्माण को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर आवश्यक कार्यवाही करने का आग्रह किया।
