हनुमानगढ़। शहर के सुरेशिया क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं और खुलेआम नशीले पदार्थांे की बिक्री को लेकर क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है। इस संबंध में नागरिकों ने सोमवार को जंक्शन पुलिस थाना में लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर प्रभावी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आमजन में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही है। इसके साथ ही हेरोइन सहित अन्य नशीले पदार्थांे की खुलेआम बिक्री के आरोप भी लगाए गए हैं।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि नशे की लत के कारण युवा वर्ग प्रभावित हो रहा है तथा आपराधिक गतिविधियों में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है। प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया गया कि हाल ही में हुई चोरी की घटना के संबंध में सुरेशिया पुलिस चौकी में सूचना देने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में असंतोष है। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए जा रहे, जिससे समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। नागरिकों ने मांग की है कि सुरेशिया क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर चोरी व नशे की बिक्री पर रोक लगाई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था कायम रहे और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
