हनुमानगढ़। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के नेतृत्व में हाउसिंग बोर्ड स्थित नॉर्थ प्वाइंट पब्लिक स्कूल में भजन संध्या एवं सत्संग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं पुरुषों ने हिस्सा लेकर भक्ति रस का आनंद लिया। कार्यक्रम में समाजसेवी तरुण विजय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने साध्वी बहनों को साधुवाद देते हुए कहा कि प्रभु के चरणों में कुछ पल व्यतीत करने से जीवन में सुखद अनुभूति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। साध्वी बहन कमलेश्वरी भारती एवं साध्वी बहन सविता भारती ने अपने प्रवचनों और भजनों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। अपने उद्बोधन में साध्वी सविता भारती ने कहा कि हमें अपने व्यस्त जीवन से कुछ समय प्रभु स्मरण के लिए अवश्य निकालना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे छोटे बच्चों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से दूर रखें, क्योंकि इससे हमारी सभ्यता और संस्कृति प्रभावित हो रही है तथा पारिवारिक संबंधों में भी दूरी बढ़ रही है। इस अवसर पर आगामी धार्मिक आयोजन की जानकारी देते हुए बताया गया कि 16 मार्च से 22 मार्च तक जंक्शन स्थित अनाज मंडी में श्रीमद्भगवद्गीता पाठ का आयोजन किया जाएगा। इससे पूर्व 14 मार्च को मातृशक्ति की ओर से कलश यात्रा निकाली जाएगी।
