– नगर परिषद कार्यालय में सेवाओं का लाभ लेने पहुंचे नागरिक हुए परेशान
हनुमानगढ़। राजस्थान सरकार की ओर से संचालित सेवा सेतु अभियान के तहत सोमवार को टाउन स्थित नगर परिषद कार्यालय में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कई विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि नहीं पहुंचे, जिसके चलते उनकी कुर्सियां खाली पड़ी रहीं। संबंधित विभागों की सेवाओं का लाभ लेने पहुंचे नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शिविर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग, आयुर्वेद विभाग तथा उपपंजीयक विभाग का कोई प्रतिनिधि नहीं पहुंचा। ऐसे में इन विभागों से संबंधित कार्य करवाने की उम्मीद लेकर आए लोगों को निराशा हुई।

सहायक प्रशासनिक अधिकारी तुलसीराम ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से 7 से 16 अक्टूबर तक सेवा सेतु अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नामांतरण संबंधी आवेदन, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीकरण, समाज कल्याण विभाग की योजनाओं, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, नगरीय विकास कर, बिजली और साफ-सफाई व्यवस्था सहित विभिन्न कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ अधिकाधिक पात्र लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि शिविर के संबंध में सभी संबंधित विभागों को सूचना भिजवाई जाती है। यदि किसी विभाग का प्रतिनिधि शिविर में नहीं पहुंचता है, तो उसे दोबारा सूचना भेजकर पाबंद किया जाएगा।
