– एसपी और एएसपी ने की सुरक्षित एवं नशामुक्त हनुमानगढ़ के लिए पुलिस का सहयोग करने की अपील
हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने जिला पुलिस की ओर से जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम को लेकर पुलिस स्तर पर तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। एसपी बी आदित्य ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो, इसके लिए पुलिस की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ सुरक्षा को लेकर भी पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई ने भी जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आमजन से अपील की कि हनुमानगढ़ को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह और सेफ सिटी अभियान में अधिकाधिक भागीदारी निभाएं। एएसपी बिश्नोई ने कहा कि सुरक्षित एवं नशामुक्त हनुमानगढ़ बनाने के लिए पुलिस को आमजन के सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने जिलेवासियों से नशे की गतिविधियों अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि आमजन की ओर से दी जाने वाली जानकारी एवं सूचना को पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस को उत्साह, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने तथा कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया।
