– विश्व हृदय दिवस पर बीएड कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, साध्वी राजविंदर भारती ने बताए हृदय को स्वस्थ रखने के उपाय
संगरिया। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की ओर से संगरिया के बीएड कॉलेज में विश्व हृदय दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें हृदय रोगों की रोकथाम, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और हृदय स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। गुरु आशुतोष महाराज जी की शिष्या साध्वी राजविंदर भारती ने कहा कि हृदय रोग गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों में शामिल हैं, लेकिन समय रहते सावधानी बरतकर इनके जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने अस्वास्थ्यकर खान-पान, शारीरिक निष्क्रियता, धूम्रपान, तनाव, मोटापा, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल को हृदय रोगों के प्रमुख जोखिम कारकों में बताया। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच के साथ रक्तचाप, रक्त शर्करा और कोलेस्ट्रॉल की निगरानी करने पर जोर दिया। साध्वी प्रीति भारती ने कहा कि संतुलित एवं पौष्टिक आहार, सीमित नमक व वसा का सेवन, फल-सब्जियों का पर्याप्त सेवन और नियमित व्यायाम हृदय को स्वस्थ रखने में सहायक हैं। उन्होंने धूम्रपान एवं तंबाकू का सेवन पूरी तरह छोड़ने का भी आह्वान किया। उन्होंने हृदयाघात के लक्षणों के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि सीने में दर्द या दबाव, सांस लेने में कठिनाई, अचानक अत्यधिक पसीना, कमजोरी या बेचैनी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए। समय पर उपचार मिलने से गंभीर परिणामों को कम किया जा सकता है। कार्यक्रम में प्रिंसिपल डॉ. सुरेंद्र सहारण, डॉ. किरण बिश्नोई, डॉ. जय दयाल, डॉ. धर्मपाल बेनीवाल, डॉ. संदीप शर्मा, ओमप्रकाश वशिष्ठ एवं मंजू वशिष्ठ सहित अन्य उपस्थित रहे।
