हनुमानगढ़। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में सोमवार को आयोजित मेडिकल कौशल 2026 प्रदर्शनी के तहत श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। ‘आज की जागरूकता, सुरक्षित कल विषय पर आधारित इस प्रदर्शनी का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण विषयों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना रहा। इस मौके पर गवर्नमेंट कॉलेज प्राचार्य डॉ. कीर्ति शेखावत, श्री खुशाल दास मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ज्योति धींगड़ा, फिजियोथेरेपी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. नवजोत सिंह एवं डॉ. चेतन्य गोदारा ने छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी छात्र-छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी होती है। इससे उन्हें सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होता है, जो उनके भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। इस शैक्षणिक भ्रमण में विश्वविद्यालय के पैरामेडिकल स्टाफ, बीएससी नर्सिंग, जीएनएम, बीआरटी एवं फिजियोथेरेपी के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। छात्र-छात्राओं को विभिन्न स्वास्थ्य विषयों से संबंधित स्टॉल्स का अवलोकन करवाया गया। प्रदर्शनी में संतुलित आहार, रक्तचाप, मासिक धर्म स्वच्छता, स्तन कैंसर की पहचान, कुत्ते व कीट के काटने से बचाव, एड्स जागरूकता, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, ओआरएस निर्माण, इंजेक्शन के विभिन्न मार्ग, टीकाकरण एवं रक्त आधान जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रस्तुत किया गया। छात्र-छात्राओं ने मॉडल्स, चार्ट्स और डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं के विभिन्न पहलुओं को गहराई से समझा।
