– 10-12 दिनों में शुरू हो सकती है नमूनों की जांच, एक माह में बाह्य रोगी व भर्ती मरीजों के लिए सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य
हनुमानगढ़। जिले में मरीजों को आधुनिक एवं व्यापक जांच सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के तहत हनुमानगढ़ में मदर लैब की स्थापना का कार्य तेजी से जारी है। लैब में अत्याधुनिक जांच मशीनों की स्थापना के साथ आवश्यक तकनीकी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मदर लैब के स्थापना कार्य एवं आगामी व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा एवं प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. शंकर सोनी ने लैब का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मशीनों की स्थापना, तकनीकी व्यवस्थाओं तथा जांच सेवाएं प्रारंभ करने की तैयारियों की जानकारी ली।
10-12 दिनों में शुरू हो सकती है नमूनों की जांच
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि मदर लैब में लगभग 10 से 12 दिनों में नमूनों की जांच प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। वहीं लगभग एक माह के भीतर बाह्य रोगी एवं भर्ती मरीजों के लिए लैब की जांच सेवाएं पूर्ण रूप से शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे अस्पताल में उपचाररत मरीजों के साथ बाह्य रोगियों को भी आवश्यक जांच सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हो सकेंगी। डॉ. शर्मा ने बताया कि मदर लैब में आधुनिक तकनीक के माध्यम से 151 प्रकार की जांचें की जाएंगी। इनमें दीर्घकालिक मधुमेह की जांच, यकृत की कार्यक्षमता की जांच, गुर्दे की कार्यक्षमता की जांच, रक्त में वसा की जांच, थैलेसीमिया जांच, थायरॉइड जांच, विभिन्न विटामिन एवं हार्मोन संबंधी जांच तथा संक्रमण की पहचान के लिए संवर्धन जांच सहित अनेक महत्वपूर्ण जांचें शामिल हैं।
मरीजों को मिलेगी बड़ी सुविधा
पीएमओ डॉ. शंकर सोनी ने बताया कि मदर लैब शुरू होने के बाद मरीजों को विभिन्न प्रकार की आवश्यक पैथोलॉजी जांचों के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी और व्यापक जांच सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेगी। समय पर जांच रिपोर्ट मिलने से चिकित्सकों को मरीजों के रोग की पहचान एवं उपचार संबंधी निर्णय लेने में भी सहायता मिलेगी। मदर लैब के संचालन से हनुमानगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं व्यापक जांच सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। यह सुविधा जिले में चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
