हनुमानगढ़। रेलवे संघर्ष समिति ने हरिद्वार और जयपुर के लिए दिन में इंटरसिटी ट्रेन चलाने की मांग की है। समिति पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गुरुवार को स्टेशन अधीक्षक नागेन्द्र प्रताप सिंह से मुलाकात कर उनके समक्ष यह मांग रखी। इससे पहले समिति सदस्यों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। समिति के आशीष पारीक ने बताया कि नागेन्द्र प्रताप सिंह ने पहले भी पदस्थापन के दौरान उत्कृष्ट कार्य किया था और स्थानीय नागरिक चाहते थे कि वे दोबारा रेलवे स्टेशन अधीक्षक का कार्यभार ग्रहण करें। उन्होंने कहा कि रेलवे संघर्ष समिति हमेशा से अपने मुद्दों को लेकर सक्रिय रही है और आज उनसे मैत्रीपूर्ण मुलाकात की गई। आशीष पारीक ने आगे बताया कि जिले में काफी संख्या में बिहार के प्रवासी रहते हैं और उनका हनुमानगढ़ के विकास में योगदान महत्वपूर्ण है। उनके लिए समस्तीपुर के लिए सीधी ट्रेन की आवश्यकता है, जिसे क्षेत्रवासियों की ओर से लंबे समय से मांगा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मांग को रेलवे मंत्री तक लिखित ज्ञापन के माध्यम से भेजा जाएगा और आने वाले समय में यात्रियों को और अधिक सुविधाएं प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं समिति के सदस्य विजय कौशिक ने कहा कि नागेन्द्र प्रताप सिंह के पिछले कार्यकाल में हनुमानगढ़ में वाशिंग लाइन का निर्माण हुआ। उनके प्रयासों से दादर, बंबई के लिए ट्रेन भी शुरू हो पाई। सेकेंड विंडो सुविधा भी उनके कार्यकाल में बनी। उनका मानना है कि भविष्य में भी वे क्षेत्रवासियों की जायज मांगों को पूरा करने में सहयोग करेंगे। इस मौके पर विशु वर्मा, प्रदीप, प्यारेलाल बंसल सहित समिति से जुड़े अन्य नागरिक भी मौजूद रहे।
