हनुमानगढ़। जीआरपी थाना में गुरुवार को महिला सुरक्षा को लेकर महिला सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना तथा सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम में जीआरपी थाना प्रभारी की ओर से महिला वालेंटियर्स, सुरक्षा सखी और महिला सीएलजी सदस्यों के साथ संवाद किया गया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़, छींटाकशी और अन्य अपराधों की रोकथाम को लेकर चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने उपस्थित महिलाओं को महिला गरिमा हेल्पलाइन नम्बर तथा रेलवे हेल्पलाइन नम्बरों की जानकारी दी। साथ ही महिला अपराधों की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज करवाने और सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को यात्रा के दौरान सुरक्षा उपाय अपनाने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने तथा आपात स्थिति में हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने की सलाह दी गई। जीआरपी पुलिस ने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर रेलवे पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है और महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
