हनुमानगढ़। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर हनुमानगढ़ में भव्य महारैली का आयोजन किया जाएगा। यह महारैली 14 अप्रैल को दोपहर 2 बजे टाउन स्थित सेंट्रल पार्क से प्रारंभ होगी, जो शहर के प्रमुख बाजारों से गुजरते हुए अंबेडकर कॉलोनी स्थित अंबेडकर पार्क में पहुंचकर संपन्न होगी। डॉ. भीमराव अंबेडकर संघ, टाउन के तत्वावधान में आयोजित इस महारैली को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। आयोजन समिति के अनुसार रैली में सामाजिक समरसता, समानता और संविधान के मूल्यों का संदेश दिया जाएगा। रैली के दौरान बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े, डीजे, आकर्षक झांकियां, घोड़ी व ऊंट सवार विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे, जिससे पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल बनेगा। संघ की ओर से जंक्शन, टाउन सहित ग्रामीण क्षेत्रों, तहसीलों और ढाणियों के पदाधिकारियों तथा अंबेडकर विचारधारा से जुड़े नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में समय पर पहुंचकर महारैली में भाग लें और इसे ऐतिहासिक बनाएं।

आयोजकों का कहना है कि यह रैली समाज में एकता और जागरूकता का संदेश देने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। महारैली के सफल आयोजन के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी व्यापक समन्वय किया जा रहा है। संघ पदाधिकारियों द्वारा जिला कलेक्टर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर, नगर परिषद आयुक्त सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को आमंत्रण पत्र सौंपे गए हैं। इसके साथ ही भाजपा नेता अमित सहू सहित कई गणमान्य व्यक्तियों को भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। आयोजकों का मानना है कि डॉ. अंबेडकर की जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है। ऐसे में यह महारैली सामाजिक चेतना और जागरूकता का एक बड़ा मंच साबित होगी।
