हनुमानगढ़। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, विद्यालय शाखा खंड हनुमानगढ़ द्वारा पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, हनुमानगढ़ जंक्शन में प्रथम एक दिवसीय संकुल प्रभारी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ज्योतिबा फुले जयंती एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती भी उत्साहपूर्वक मनाई गई।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। पार्थ शर्मा ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जबकि दानाराम ने संगठन गीत के माध्यम से माहौल को प्रेरणादायी बनाया। पूरे आयोजन को चार सत्रों में विभाजित किया गया। प्रथम सत्र में मुख्य वक्ता संजय शर्मा ने संगठन के चार मूल मंत्र—कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कार्यालय एवं कोष—पर विस्तार से प्रकाश डाला।

सत्र की अध्यक्षता खंड अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने की, जिन्होंने गत सत्र में खंड स्तर पर हुए संगठनात्मक कार्यों की जानकारी दी। द्वितीय सत्र में प्रधानाचार्य राजाराम ने सामाजिक समरसता पर विचार रखते हुए महात्मा ज्योतिबा फुले एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों से प्रतिभागियों को अवगत कराया। इस सत्र की अध्यक्षता खंड महिला मंत्री उषा रानी एवं ममता कौशिक ने की। तृतीय सत्र में पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील बिश्नोई ने संकुल रचना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संगठन को मजबूत बनाने में इसकी भूमिका बताई। उन्होंने शासकीय नियमावली पर कार्यशालाओं के आयोजन की आवश्यकता भी जताई।

सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष अतर सिंह ने की, जिन्होंने संगठन के नाम परिवर्तन की प्रक्रिया पर जानकारी देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। अंतिम खुले सत्र में शिक्षकों ने विभिन्न विभागीय समस्याओं पर खुलकर चर्चा की। प्रमुख मुद्दों में तृतीय श्रेणी अध्यापकों की डीपीसी, स्थानांतरण, शारीरिक शिक्षकों का स्थायीकरण, गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्ति, अवकाश में कटौती का विरोध एवं वेतन विसंगतियां शामिल रहीं।

जिला अध्यक्ष कमलेश बिश्नोई ने इन समस्याओं को प्रांत स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन मंत्री शौकत अली ने किया। आयोजन में एडीईओ प्रेम दूधवाल, प्रधानाचार्य इकबाल सिंह सहित अनेक शिक्षकों एवं अधिकारियों ने भाग लिया। लगभग 150 से अधिक प्रतिभागियों की उपस्थिति में कार्यक्रम गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अंत में मुख्य वक्ताओं एवं जिला अध्यक्ष का सम्मान किया गया तथा सामूहिक भोजन के पश्चात कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
