हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना की पहल पर पुलिस और आमजन के बीच संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से हनुमानगढ़ टाउन थाना क्षेत्र के ग्राम अमरपुरा थेड़ी में सोमवार रात “रात्रि चौपाल” (जनसुनवाई) का आयोजन किया गया। चौपाल का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना, जन-जागरूकता बढ़ाना तथा पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा। चौपाल के दौरान थाना हनुमानगढ़ टाउन पुलिस टीम ने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। पुलिस ने ग्रामीणों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी दिलाया। पुलिस टीम ने अपील की कि क्षेत्र में नशे की अवैध बिक्री, तस्करी या खरीद-फरोख्त से संबंधित कोई भी जानकारी जिला पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ के आधिकारिक व्हाट्सऐप नंबर 87645-31201 पर साझा करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। महिला सुरक्षा को लेकर आयोजित विशेष सत्र में महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनों तथा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों, जैसे 112 और महिला हेल्पलाइन, की जानकारी दी गई। पुलिस ने उन्हें किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस ने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाता, एटीएम पिन, ओटीपी या अन्य गोपनीय वित्तीय जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। यातायात सुरक्षा पर भी विशेष जोर देते हुए पुलिस ने हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित उपयोग, बिना लाइसेंस वाहन नहीं चलाने तथा नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं सौंपने की अपील की। रात्रि चौपाल में गांव के प्रबुद्धजन, सीएलजी सदस्य, युवा, महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने पुलिस के इस जनसंपर्क अभियान की सराहना करते हुए क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
