हनुमानगढ़। जल उपयोक्ता संगठन, जल संसाधन खंड रावतसर यूनियन की बैठक सोमवार को यूनियन अध्यक्ष प्रताप सिंह सूडा की अध्यक्षता में जल संसाधन कॉलोनी, रावतसर में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न जल उपयोक्ता संगठनों के अध्यक्षों ने सिंचाई से जुड़ी समस्याओं पर जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया और उनके शीघ्र समाधान की मांग उठाई। बैठक में मौजूद अधिशासी अभियंता सुनील निवाद ने सभी अध्यक्षों की समस्याएं सुनते हुए कहा कि खाला निर्माण कार्य में कहीं भी कोई कमी या अनियमितता दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत उन्हें या सहायक अभियंता को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। यूनियन अध्यक्ष प्रताप सिंह सूडा ने कहा कि बहुप्रतीक्षित खालों का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाए। उन्होंने सभी जल उपयोक्ता संगठन अध्यक्षों से अपने-अपने क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यांे की नियमित निगरानी करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जितने भी खाले बनाए जाएं, उनके नाके भी साथ ही तैयार किए जाएं। खाला निर्माण से पहले पटड़ों की पूरी जमाई कर पानी भरने के बाद ही लाइनिंग का कार्य किया जाए। कुछ स्थानों पर खालों की लाइनिंग सीधी नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने अधिशासी अभियंता से इसमें सुधार कराने की मांग की। सूडा ने कहा कि खालों का निर्माण राजस्थान सरकार के जल संसाधन विभाग की ओर से कराया जा रहा है। ऐसे में ठेकेदार केवल निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर ध्यान दें और अपने कार्यक्षेत्र तक ही सीमित रहें। बैठक में दासूवाली वितरिका पर पुलिया निर्माण, निरवाल वितरिका की सिल्ट सफाई सहित अन्य कई सिंचाई संबंधी मांगें भी अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। इसके अलावा रावतसर ब्रांच के लिए बैलेंस पानी उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। अधिशासी अभियंता ने सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में सहायक अभियंता जुगल किशोर शर्मा, सुमित माहर, भवानी शंकर, कनिष्ठ अभियंता सुरेंद्र मीणा, प्रशासनिक अधिकारी राकेश टाक, भान सिंह विर्क, खेताराम डारा, प्रेम जाखड़, अमर सिंह सहारण, रामकुमार गोदारा, सुभाष कांकड़, गांधीराम, राजाराम गोरछिया, जयनारायण गोस्वामी, सुभाष ढाका, रामप्रताप मटोरिया, मोतीराम, भालाराम छापोला, रविकांत शर्मा, विजय गोदारा, पुरुषोत्तम गुर्जर मौजूद रहे।
