– राज सीड्स कॉरपोरेशन मजदूर एवं पल्लेदार यूनियन के 10वें वार्षिक सम्मेलन में संघर्ष का ऐलान
हनुमानगढ़। राज सीड्स कॉरपोरेशन मजदूर एवं पल्लेदार यूनियन का 10वां वार्षिक सम्मेलन सोमवार को यूनियन अध्यक्ष बसंत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। सम्मेलन में सीटू जिला महामंत्री शेर सिंह शाक्य, रिछपाल राठौड़, हरजी वर्मा और बहादुर सिंह चौहान सहित यूनियन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। सम्मेलन में केन्द्र सरकार की ओर से 44 श्रम कानूनों को समाप्त कर उनकी जगह चार लेबर कोड लागू किए जाने के विरोध में आगामी आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई तथा कई प्रस्ताव पारित किए गए। वक्ताओं ने कहा कि देश में मजदूरों ने लंबे संघर्ष और अनेक कुर्बानियों के बाद श्रमिक हितों की रक्षा के लिए 44 श्रम कानून हासिल किए थे, लेकिन केन्द्र सरकार ने इन्हें समाप्त कर चार लेबर कोड लागू कर दिए हैं। उनका आरोप था कि नए लेबर कोड पूंजीपतियों और उद्योग मालिकों के हित में हैं तथा श्रमिकों के अधिकारों को कमजोर करते हैं। इस मुद्दे पर व्यापक जनआंदोलन खड़ा करने का निर्णय लिया गया। सम्मेलन में स्थानीय स्तर पर मजदूरों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि कई स्थानों पर ठेकेदारों और उद्योग संचालकों की ओर से मजदूरों से काम कराने के बाद समय पर भुगतान नहीं किया जाता। ऐसे मामलों के खिलाफ भी संगठित आंदोलन चलाने की रणनीति बनाई जा रही है। सम्मेलन में यह भी प्रस्ताव पारित किया गया कि आने वाले समय में श्रमिक हितों की रक्षा के लिए संगठन को और मजबूत किया जाएगा तथा मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष तेज किया जाएगा।
