श्रीगंगानगर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के अप्रैल 2026 के एक्शन प्लान के तहत अम्बेडकर जयंती के उपलक्ष में सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रीगंगानगर द्वारा महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय, इन्द्रा चौक में भारतीय संविधान विषय पर सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं साइबर अपराध विषय पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रवि प्रकाश सुथार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान निर्माण में अतुलनीय योगदान, उनके जीवन परिचय, भारतीय संविधान की प्रस्तावना, मूल अधिकार एवं मूल कर्तव्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों को प्राधिकरण की ओर से प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिविर में साइबर सुरक्षा एवं साइबर दुव्र्यवहार के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि मोबाइल फोन, इंटरनेट और सोशल मीडिया के माध्यम से किसी को परेशान करना, अपमानित करना या धमकाना साइबर अपराध की श्रेणी में आता है। विद्यार्थियों को निजी जानकारी साझा करने से बचने, ऑनलाइन धोखाधड़ी और पहचान चोरी के खतरों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। इस अवसर पर यह भी बताया गया कि साइबर दुव्र्यवहार की स्थिति में घबराने के बजाय समझदारी से काम लें, किसी प्रकार की बहस से बचें और तुरंत स्क्रीनशॉट लेकर माता-पिता, शिक्षक या विश्वसनीय व्यक्ति को सूचित करें। गंभीर मामलों में साइबर पुलिस अथवा संबंधित विभाग में शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में चीफ एल.ए.डी.सी. रोहताश यादव, विद्यालय के प्रिंसिपल तरुण गुप्ता, वाइस प्रिंसिपल मनोज कायल, एपीसी (समसा) तेज प्रताप सिंह, सरदार अमर सिंह सरोज विद्यार्थी सहयोग समिति के अध्यक्ष अवतार सिंह मल्होत्रा, डिफेंस काउंसिल अमन चलान सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
