संगरिया। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत संगरिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि हनुमानगढ़ जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा तथा अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसके साथ ही वांछित अपराधियों की धरपकड़ और गैंगस्टर व उनके सहयोगियों पर भी पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द्र बिश्नोई तथा वृताधिकारी संगरिया रमेश माचरा के सुपरविजन में पुलिस थाना संगरिया के थानाधिकारी अमर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा गश्त की जा रही थी। इसी दौरान उपनिरीक्षक विजय सिंह अपनी टीम के साथ कस्बा संगरिया स्थित मंगल विहार कॉलोनी के पास गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से लोहे का बना एक अवैध धारदार कापा बरामद हुआ। पूछताछ में युवक ने अपना नाम जसप्रीत सिंह पुत्र राजेन्द्र मेघवाल, उम्र 27 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 06 भगतपुरा, थाना संगरिया, जिला हनुमानगढ़ बताया। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना संगरिया में प्रकरण संख्या 108/2026 के तहत धारा 4/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक श्रवण कुमार द्वारा की जा रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विजय सिंह के साथ कांस्टेबल रामावतार (नं. 945) सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
