– अब तक हनुमानगढ़ नगर परिषद के 6 वार्डां में हो चुकी है प्रत्याशियों की घोषणा
हनुमानगढ़। आम आदमी पार्टी ने नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर हनुमानगढ़ जिले में प्रत्याशियों की दूसरी सूची शनिवार को जारी की। जिला चुनाव समिति की ओर से प्रस्तावित नामों को प्रदेश प्रभारी धीरज टोकस, सह प्रभारी धनेन्द्र भारद्वाज तथा प्रदेश चुनाव समिति अध्यक्ष देवेन्द्र शास्त्री की स्वीकृति मिलने के बाद यह सूची जारी की गई। दूसरी सूची में नगर परिषद हनुमानगढ़ के दो वार्डांे के प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं। आम आदमी पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी विकास बग्गा, जिला चुनाव प्रभारी राजवीर माली तथा जिला चुनाव समिति अध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल की ओर से जारी सूची के अनुसार वार्ड नंबर 48 से कमला देवी तथा वार्ड नंबर 52 से त्रिलोक चंद को चुनाव मैदान में उतारा गया है। इससे पहले आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करते हुए छह वार्डांे में उम्मीदवार घोषित किए थे। पहली सूची में हनुमानगढ़ नगर परिषद के वार्ड नंबर 24 से सुरेन्द्र पाल बेनीवाल, वार्ड नंबर 27 से सुषमा बेनीवाल, वार्ड नंबर 34 से सुभाष पारीक और वार्ड नंबर 58 से विजय बैंसला को प्रत्याशी बनाया गया था। वहीं गोलूवाला नगर पालिका के वार्ड नंबर 20 से गुरविंद्र तथा टिब्बी नगर पालिका के वार्ड नंबर 15 से बंसीलाल शर्मा को उम्मीदवार घोषित किया गया था। दूसरी सूची जारी होने के बाद हनुमानगढ़ नगर परिषद के कुल छह वार्डांे में आप प्रत्याशियों की घोषणा हो चुकी है। पार्टी की ओर से शेष वार्डांे के लिए भी प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया जारी है। लगातार दो दिनों में दो सूचियां जारी होने से जिले में निकाय चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी की चुनावी गतिविधियां तेज होने के संकेत हैं।
