हनुमानगढ़। मेगा हाइवे पर कोहला फार्म के पास सड़क पर अचानक आए निराश्रित गोवंश से बाइक टकराने से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के संबंध में टाउन पुलिस थाना में मर्ग दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार गांव अराईयांवाली के वार्ड नंबर 9 निवासी जसवीर सिंह पुत्र बलदेव सिंह ने रिपोर्ट दी कि उसका भतीजा हरभजन सिंह (36) पुत्र गुरदीप सिंह 26 अगस्त की रात करीब 9 बजे हनुमानगढ़ से मजदूरी कर बाइक से घर लौट रहा था। कोहला फार्म के पास अचानक सड़क पर आए निराश्रित गोवंश से उसकी बाइक टकरा गई। हादसे में हरभजन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे हनुमानगढ़ टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे श्रीगंगानगर के एसएन हॉस्पिटल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान हरभजन सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच एएसआई उम्मेदराम कर रहे हैं।
