हनुमानगढ़। आबकारी आयुक्त के निर्देश पर 16 मार्च से 31 मार्च तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी क्रम में जिला कलेक्टर और जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में मंगलवार को आबकारी विभाग की टीम ने संयुक्त रेड अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में अवैध शराब बनाने की सामग्री नष्ट की।आबकारी विभाग की टीम ने हनुमानगढ़ जंक्शन, खुंजा, सुरेशिया, फतेहपुर, पन्नीवाली, पीरकामड़िया और अमरपुराथेड़ी सहित कई स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान करीब 1200 लीटर उतेजित लाहण (हथकड़ शराब बनाने के लिए तैयार वाश) बरामद कर नष्ट किया गया तथा चार कच्ची भट्टियों को भी ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण से जुड़े तीन अभियोग दर्ज किए गए। आबकारी विभाग के अनुसार, पिछले तीन दिनों में विभाग द्वारा 10 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं और अवैध गतिविधियों में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। जिले में चल रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत अब तक कुल 25 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं तथा लगभग 11 हजार लीटर उतेजित लाहण नष्ट किया गया है। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि अवैध हथकड़ शराब की कशीदगी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए विभाग द्वारा लगातार रेड और गश्त की जा रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि जिले में अवैध शराब के निर्माण और व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। आज की कार्रवाई में प्रहराधिकारी संगरिया विनोद कुमार, प्रहराधिकारी हनुमानगढ़ अमर सिंह तथा हुसैन खान जमादार सहित विभागीय जाब्ता शामिल रहा। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025–26 में अब तक आबकारी विभाग द्वारा कुल 606 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं, जो विभाग की सक्रियता और सख्त निगरानी को दर्शाता है।
