हनुमानगढ़। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की हनुमानगढ़ शाखा की ओर से केन्द्रीय बजट 2026 और आयकर अधिनियम 2025 विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन गुरुवार को किया गया। संगोष्ठी में शहर के प्रमुख चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, कर सलाहकारों एवं वित्तीय विशेषज्ञों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आईसीएआई के केन्द्रीय परिषद सदस्य सतीश गुप्ता रहे। अपने संबोधन में उन्होंने राष्ट्र निर्माण में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि देश के कर पेशेवर नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” के विजन को साकार करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने सदस्यों को यह स्मरण कराया कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और नए कानूनों के प्रभावी व पारदर्शी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर है। सतीश गुप्ता ने संगोष्ठी के दौरान आईसीएआई सदस्यों के हित में किए गए विभिन्न प्रयासों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि हाल ही में एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के साथ विशेष समझौता किया गया है, जिससे सदस्यों को बैंकिंग सुविधाओं में लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त पूर्व में बैंक ऑफ बड़ौदा और पूनावाला फाइनेंस के साथ किए गए वित्तीय समझौते, टैली सॉफ्टवेयर पर विशेष छूट, तथा मेदांता एवं डॉ. लाल पैथलैब्स के साथ स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देकर सदस्यों को अवगत कराया। हनुमानगढ़ शाखा के नवनियुक्त अध्यक्ष हर्ष जिंदल ने प्रबंधन समिति के सफल रोल-ओवर की जानकारी दी। उन्होंने निवर्तमान अध्यक्ष ललित गर्ग के कार्यकाल में हुए ऐतिहासिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में हनुमानगढ़ में सीए परीक्षा केंद्र की शुरुआत, डीआईएसए कोर्स तथा पीयर रिव्यू सर्टिफिकेशन जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम संभव हो सके। संगोष्ठी के मंच का संचालन शाखा सचिव कमल जैन ने किया। तकनीकी सत्रों के दौरान आयकर अधिनियम 2025 के प्रावधानों और केन्द्रीय बजट 2026 के व्यावहारिक प्रभावों पर गहन चर्चा की गई। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के लिए उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।
