रावतसर। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) की ओर से बुधवार को रावतसर तहसील स्थित विश्वकर्मा धर्मशाला में नगर निकाय एवं आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक ब्लॉक प्रभारी मांगीलाल प्रजापत की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नगर निकाय जिला प्रभारी डॉ. विवेक माचरा ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आरएलपी आगामी नगर पालिका और पंचायती राज चुनाव पूरे दमखम के साथ लड़ेगी तथा सभी वार्डों में पार्टी प्रत्याशी उतारने की दिशा में संगठनात्मक तैयारियां की जा रही हैं। बैठक के दौरान बूथ एवं वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने तथा चुनावों के लिए सक्रिय रहने पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सह-प्रभारी रामस्वरूप भादू, पीलीबंगा विधानसभा प्रभारी वीरेंद्र मेघवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष विजय बेनीवाल, सुशील कासानिया, शिव कुमार शर्मा, सुमीत जाखड़, विनोद कुमार, भीमराज पल्लू, विनोद पड़गर, मोनू सिहाग सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने आगामी निकाय एवं पंचायती राज चुनावों में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा एकजुट होकर पार्टी के पक्ष में कार्य करने का संकल्प लिया।
