– एसकेएम पब्लिक स्कूल में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को ओटीपी, पासवर्ड और निजी जानकारी साझा नहीं करने की दी हिदायत
संगरिया। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से ग्रामोत्थान विद्यापीठ स्थित एसकेएम पब्लिक स्कूल में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में साइबर पुलिस थाना हनुमानगढ़ से कंप्यूटर प्रोग्राम ऑफिसर रिंकल गर्ग एवं सहायक उपनिरीक्षक विजय आनंद ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों ने तिलक एवं स्वागत गीत से अतिथियों का स्वागत कर की। प्राचार्य शाह कृष्ण मुरारी ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं स्वामी केशवानंद जी का चित्र स्मृति चिह्न के रूप में भेंट कर अभिनंदन किया। छात्रा नुवेशिका एवं अमानत ने मंच संचालन किया, जबकि वरिष्ठ शिक्षक आस मोहम्मद खान ने स्वागत संबोधन दिया। छात्र रोनक, गरिमा एवं गुरशरण ने साइबर सुरक्षा विषय पर प्रस्तुति दी।कंप्यूटर प्रोग्राम ऑफिसर रिंकल गर्ग ने विद्यार्थियों को मोबाइल एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने इंस्टाग्राम एवं फेसबुक पर अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करने, निजी फोटो एवं व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने फोटो के दुरुपयोग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता से फोटो में छेड़छाड़, फर्जी अकाउंट, साइबर स्टॉकिंग, पहचान के दुरुपयोग, मजबूत पासवर्ड और प्राइवेसी सेटिंग के बारे में भी जागरूक किया। सहायक उपनिरीक्षक विजय आनंद ने फर्जी कॉल, फिशिंग लिंक, नकली वेबसाइट, ओटीपी फ्रॉड, ऑनलाइन बैंकिंग ठगी, फर्जी प्रोफाइल एवं साइबर ब्लैकमेलिंग सहित ठगी के विभिन्न तरीकों से बचने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि ओटीपी, पिन, पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करें। साथ ही दो-स्तरीय प्रमाणीकरण का उपयोग करने तथा संदिग्ध वेबसाइट की जानकारी जांचने के लिए साइबर सुरक्षा से जुड़े विश्वसनीय माध्यमों का इस्तेमाल करने की सलाह दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा साइबर अपराध की ऑनलाइन शिकायत के लिए सरकार के साइबर अपराध पोर्टल का उपयोग करें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल एवं व्यावहारिक तरीके से जवाब दिया। अंत में प्राचार्य शाह कृष्ण मुरारी ने साइबर पुलिस से आए अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार जताया। कार्यक्रम का संदेश रहा-“सोचकर क्लिक करें, सतर्क रहें और सुरक्षित रहें।”
