– एसपी को ज्ञापन सौंपकर भवन सीज करने, पुलिस कब्जे में लेने और मामले की गहन जांच की मांग
हनुमानगढ़। आर्य समाज हनुमानगढ़ टाउन की ओर से गुरुवार को जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर पुरानी नगर पालिका के पास स्थित आर्य समाज भवन में कथित रूप से नशे का अवैध कारोबार संचालित किए जाने का आरोप लगाया गया है। आर्य समाज अध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल ने बताया कि भवन में पिछले 8-10 माह से संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने के साथ नशे से जुड़े लोगों की आवाजाही बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों की ओर से आर्य समाज मंदिर ट्रस्ट के नाम से कथित फर्जी ट्रस्ट बनाकर भवन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में आर्य समाज और तथाकथित ट्रस्ट के बीच विवाद उपखंड मजिस्ट्रेट की अदालत में विचाराधीन बताया गया है। उन्होंने हाल ही में चिट्टे के साथ पकड़े गए कुछ आरोपियों का भी उल्लेख करते हुए उनके संबंधों और नशे के कथित नेटवर्क की गहन जांच की मांग की। साथ ही पूर्व में आर्य समाज भवन से जुड़े किरायेदार की दुकान में हुई आगजनी की घटना का भी उल्लेख किया गया है। ज्ञापन में कहा गया कि भवन में कथित गतिविधियों को लेकर पूर्व में भी पुलिस एवं जिला प्रशासन को अवगत करवाया जा चुका है। आर्य समाज ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि भवन को तत्काल सीज कर पुलिस कब्जे में लिया जाए, कथित नशे के अड्डे को बंद करवाया जाए तथा मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही आर्य समाज भवन की गरिमा एवं पवित्रता बहाल करवाने की मांग की गई।
