हनुमानगढ़। टाउन स्थित सेठ राधा किशन बिहाणी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम घोषित होने पर बुधवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन की ओर से मेधावी छात्राओं को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान छात्राओं का तिलक लगाकर, माल्यार्पण कर एवं पगड़ी पहनाकर अभिनंदन किया गया। विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। उत्कृष्ट परिणाम की खुशी में ढोल-नगाड़ों के साथ शहर में रैली निकाली गई। रैली के दौरान गुलाल उड़ाकर विद्यार्थियों की उपलब्धि का जश्न मनाया गया और आमजन ने भी उनका उत्साहवर्धन किया। प्रधानाचार्य अनिता शर्मा ने बताया कि कला संकाय में जानकी ने 92.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं माही एवं नमना ने संयुक्त रूप से 91.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया। अर्शदीप ने 90 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। विज्ञान वर्ग में शाइना ने 84 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। कृषि विज्ञान में हेमलता ने 89.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं वाणिज्य वर्ग में वीरेंद्र कौर ने 79.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की। प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षकों ने सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा अभिभावकों को भी इस सफलता पर बधाई दी।
