हनुमानगढ़। जिले के गांव करणीसर सहजीपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का उच्च माध्यमिक परीक्षा 2026 का परिणाम उत्कृष्ट रहने पर पूरे गांव में हर्ष और गर्व का माहौल देखने को मिला। विद्यालय परिवार की ओर से इस उपलब्धि को उत्सव के रूप में मनाते हुए शुक्रवार को गांव में भव्य रैली निकाली गई। रैली के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा मेधावी छात्रों के घर जाकर उनका अभिनंदन किया गया। विद्यालय के परीक्षा प्रभारी लालचंद मानव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम अत्यंत सराहनीय रहा। परीक्षा में लवदीप ने 94.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि रोहित ने 92.40 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर लक्ष्मी रही, जिसने 92 प्रतिशत अंक अर्जित किए। इसके अलावा भाविका ने 91.80 प्रतिशत तथा प्रिया ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।

उन्होंने बताया कि कुल 39 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 34 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए, जबकि शेष 5 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी प्राप्त की। यह परिणाम विद्यालय के शैक्षणिक स्तर और विद्यार्थियों की मेहनत का प्रमाण है। इस वर्ष का विशेष आकर्षण छात्रा लक्ष्मी का प्रदर्शन रहा, जिसने राजनीति विज्ञान विषय में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। उसकी इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य जसपाल अग्रवाल ने इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत करते हुए उच्च लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। रैली के आयोजन में विद्यालय स्टाफ का विशेष योगदान रहा। उपप्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह, प्रियंका अरोड़ा, वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक नीरज कुमार, बेअंत कौर, सरिता कुमारी, दासराम, ममता जांगिड़, राजेंद्र सिंह, प्रेम कुमार, भोला सिंह तथा कनिष्ठ सहायक सीता ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गांव में इस सफलता को लेकर उत्सव जैसा माहौल रहा और हर कोई विद्यार्थियों की उपलब्धि पर गर्व करता नजर आया। यह परिणाम न केवल विद्यालय के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ है।
