– सोनू बंसल ने भाजपा की सुनीता देवी को 19 मतों से हराया- कांग्रेस के चंदन मोंगा को मिले 11 वोट, दो निर्दलीय पार्षदों के वोट कांग्रेस के पक्ष में गए
हनुमानगढ़। 60 वार्डां वाली हनुमानगढ़ नगर परिषद में सभापति के बाद अब उपसभापति पद पर भी टीम गणेश राज बंसल ने कब्जा जमा लिया है। मंगलवार को उपसभापति पद के लिए हुए चुनाव में बंसल खेमे की निर्दलीय प्रत्याशी सोनू बंसल निर्वाचित हुईं। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की सुनीता देवी को 19 मतों के अंतर से हराया। सोनू बंसल को 34 वोट मिले, जबकि सुनीता देवी को 15 और कांग्रेस प्रत्याशी चंदन मोंगा को 11 मत प्राप्त हुए। सोनू बंसल निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल की पुत्री हैं। वह बैंक की नौकरी छोड़कर चुनाव मैदान में उतरी थीं और वार्ड 11 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पार्षद निर्वाचित हुई थीं।

रिटर्निंग अधिकारी रवि कुमार ने नवनिर्वाचित उपसभापति सोनू बंसल को प्रमाण पत्र प्रदान किया। परिणाम घोषित होते ही बंसल समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर जीत का जश्न मनाया। टाउन स्थित नगर परिषद कार्यालय में मंगलवार को मतदान प्रक्रिया के दौरान सबसे पहले भाजपा और उसके बाद कांग्रेस के पार्षदों ने मतदान किया। अंत में टीम गणेश राज बंसल खेमे के पार्षद मतदान करने पहुंचे। सभी 60 पार्षदों के मतदान के बाद अपराह्न करीब 3.45 बजे मतगणना शुरू हुई। करीब आधे घंटे में मतगणना पूरी कर परिणाम घोषित कर दिए गए।

नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत उपसभापति एवं उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन के साथ ही नगर निकाय चुनाव का अंतिम चरण मंगलवार को सम्पन्न हो गया। सुबह 10 बजे नवनिर्वाचित पार्षदों की विशेष बैठक हुई। इसके बाद सुबह 11 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए गए। कांग्रेस से चंदन मोंगा, भाजपा से सुनीता देवी तथा बंसल खेमे से निर्दलीय सोनू बंसल ने नामांकन दाखिल किया। सुबह 11.30 बजे नामांकन पत्रों की जांच हुई और दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी का समय रहा।

इसके बाद दोपहर 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान हुआ। उपसभापति चुनाव में सभापति चुनाव के मुकाबले तीनों प्रत्याशियों के वोटों में बदलाव देखने को मिला। बंसल खेमे की सोनू बंसल और भाजपा प्रत्याशी सुनीता देवी पारीक को सभापति चुनाव की तुलना में एक-एक वोट कम मिला, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी चंदन मोंगा के वोट दो बढ़ गए। जानकारी के अनुसार ये दोनों वोट निर्दलीय पार्षदों के कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में पोल होने की बात सामने आई है।
