-हस्तनिर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी बनी आकर्षण, अनुशासन व सेवा भाव का दिया संदेश
हनुमानगढ़। टाउन स्थित सेठ राधा किशन बिहाणी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। समापन समारोह में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अनुशासन, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्य अनीता शर्मा द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि एनएसएस जैसे शिविर विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और समाज सेवा की भावना विकसित करते हैं।


उन्होंने छात्राओं को शिविर के दौरान प्राप्त अनुभवों को अपने जीवन में अपनाने और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। एनएसएस प्रभारी पुष्पा शर्मा ने शिविर के सात दिनों के दौरान आयोजित गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि शिविर का उद्देश्य छात्राओं में सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सेवा के प्रति रुचि विकसित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों को जीवन के व्यावहारिक पहलुओं से जोड़ते हैं और उन्हें समाज के प्रति संवेदनशील बनाते हैं। समापन समारोह के दौरान छात्राओं द्वारा तैयार की गई हस्तनिर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

प्रदर्शनी में छात्राओं की रचनात्मकता और कला कौशल स्पष्ट रूप से देखने को मिला। विभिन्न प्रकार की सजावटी और उपयोगी वस्तुओं को छात्राओं ने अपने हाथों से तैयार किया, जिसकी सभी ने सराहना की। कार्यक्रम का मंच संचालन व्याख्याता उग्रसेन ने किया। समारोह में रजनी जैन, अमन, ममता खुंगर, प्रियंका गर्ग सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। सभी शिक्षकों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। समापन अवसर पर प्रतिभागी छात्राओं को शिविर के अनुभवों से सीख लेकर जीवन में अनुशासन, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी को अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
