-नि:शुल्क आवासीय शिक्षा का मिलेगा लाभ, विद्यालय व क्षेत्र में खुशी का माहौल
हनुमानगढ़। जवाहर नवोदय विद्यालय समिति द्वारा घोषित कक्षा 6 के प्रवेश परिणाम में राजकीय उच्च प्राथमिक संस्कृत विद्यालय चक 12-14 एसएसडब्ल्यू के छात्र युवराज योगी ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। युवराज का चयन नवोदय विद्यालय पल्लू के लिए हुआ है। उसने चयन परीक्षा में 41वीं रैंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की, जिससे विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है। संस्था प्रधान प्रवीण ने जानकारी देते हुए बताया कि नवोदय विद्यालय पल्लू में कक्षा 6 के प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 13 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के माध्यम से हनुमानगढ़ जिले से कुल 80 विद्यार्थियों का चयन किया जाना था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच युवराज योगी ने 41वीं रैंक प्राप्त कर सफलता अर्जित की और नवोदय विद्यालय में प्रवेश का अवसर प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय में विद्यार्थियों को कक्षा 6 से 12 तक नि:शुल्क आवासीय शिक्षा प्रदान की जाती है। यहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आवास, भोजन, पुस्तकें, खेलकूद और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाती हैं। ऐसे में युवराज को अब बेहतर शैक्षणिक माहौल और उज्ज्वल भविष्य के लिए व्यापक अवसर मिलेंगे। इस सफलता के पीछे विद्यालय के शिक्षकों की मेहनत और मार्गदर्शन का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। छात्र को परीक्षा की तैयारी करवाने में शिक्षक पृथ्वी सिंह, दौलतराम, गुलाब उपाध्याय और राधा ने विशेष भूमिका निभाई। शिक्षकों ने नियमित अभ्यास, मार्गदर्शन और प्रेरणा के माध्यम से छात्र को परीक्षा के लिए तैयार किया। संस्था प्रधान प्रवीण ने इस उपलब्धि पर सुप्रीम फाउंडेशन जसवंतगढ़ (नागौर) के स्वयंसेवकों के सहयोग की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन के मुख्य ट्रस्टी महावीर प्रसाद तापड़िया, मुख्य समन्वयक श्याम बाबू शर्मा, समन्वयक रोहित शर्मा और दलीप कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। विद्यालय परिवार ने युवराज योगी की इस सफलता पर उसे शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उम्मीद जताई कि उसकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी और वे भी परिश्रम व लगन के साथ अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए आगे बढ़ेंगे।
