– विद्यार्थियों को मिलेंगे वैश्विक कौशल और ऑस्ट्रेलिया में उच्च शिक्षा के अवसर
हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता बढ़ाने, वैश्विक कौशल विकास और अंतरराष्ट्रीय शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक्सपीएम लर्निंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (एम्प्लॉयबिलिटी.लाइफ) के साथ चार वर्षीय महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) किया है। इस समझौते पर दोनों संस्थानों के अधिकृत प्रतिनिधियों ने बुधवार को हस्ताक्षर किए। इस दौरान विश्वविद्यालय के एमडी दिनेश कुमार जुनेजा, डायरेक्टर जनरल एवं सेवानिवृत्त आईजी गिरीश चावला सहित एक्सपीएम लर्निंग इंडिया के प्रतिनिधि मौजूद रहे। समझौते के तहत एक्सपीएम लर्निंग इंडिया, जो फेडरेशन यूनिवर्सिटी ऑस्ट्रेलिया की सहयोगी संस्था है, एसकेडी विश्वविद्यालय में फ्यूचर ऑफ वर्क लैब और एक्सप्रो कार्यक्रम संचालित करेगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य की कार्यशैली के अनुरूप आधुनिक कौशल, उद्योग आधारित प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय कार्यस्थल दक्षताओं से सशक्त बनाया जाएगा। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि आज के वैश्विक प्रतिस्पर्धा के दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के पास उद्योगों की मांग के अनुरूप व्यावहारिक कौशल और अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीकों और वैश्विक करियर अवसरों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। विश्वविद्यालय के एमडी दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि यह समझौता विद्यार्थियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। इस पहल से उन्हें उद्योग आधारित प्रशिक्षण, अंतरराष्ट्रीय माइक्रो-क्रेडेंशियल, वैश्विक कार्य संस्कृति का अनुभव और ऑस्ट्रेलिया में उच्च शिक्षा के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ऐसे नवाचारपूर्ण सहयोग लगातार स्थापित कर रहा है। फेडरेशन यूनिवर्सिटी ऑस्ट्रेलिया के मुख्य परिचालन अधिकारी पॉल ओपेनहाइमर ने कहा कि यह साझेदारी भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शिक्षा एवं कौशल विकास सहयोग को नई दिशा देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप शिक्षा, उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण, माइक्रो-क्रेडेंशियल और ऑस्ट्रेलिया में उच्च शिक्षा के उत्कृष्ट अवसर मिलेंगे।
खुलेगा ऑस्ट्रेलिया में उच्च शिक्षा का मार्ग
यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के बीटेक, बीसीए, बीबीए, फार्मेसी, कृषि एवं संबद्ध स्वास्थ्य विज्ञान सहित विभिन्न स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध रहेगा। विद्यार्थी अपनी नियमित डिग्री के साथ वैकल्पिक प्रीमियम ट्रैक के रूप में एक्सप्रो कार्यक्रम का चयन कर सकेंगे। इसका संचालन प्रथम वर्ष से शुरू होकर विभिन्न सेमेस्टरों में चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को फेडरेशन यूनिवर्सिटी ऑस्ट्रेलिया से अंतरराष्ट्रीय माइक्रो-क्रेडेंशियल, एक्सपीएम लर्निंग का प्रमाणपत्र और वर्कप्लेस रेडीनेस प्रोफाइल प्राप्त होगा। इसके साथ ही उद्योग आधारित प्रोजेक्ट, टीम आधारित शिक्षण, कार्यस्थल सिमुलेशन, करियर स्थिरता और वैश्विक कार्य संस्कृति का व्यावहारिक अनुभव भी मिलेगा। समझौते के तहत योग्य विद्यार्थियों के लिए ऑस्ट्रेलिया में उच्च शिक्षा का मार्ग भी खुलेगा। एक्सकोर कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले विद्यार्थियों को फेडरेशन यूनिवर्सिटी ऑस्ट्रेलिया के मास्टर्स पाठ्यक्रमों में निर्धारित विषयों का क्रेडिट ट्रांसफर मिलेगा। साथ ही विशेष छात्रवृत्ति, अंतरराष्ट्रीय अध्ययन, कार्यस्थल अनुभव और वैश्विक करियर अवसरों का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
