हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह ने मंगलवार को पुलिस थाना रावतसर का औचक दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। थाने पहुंचने पर पुलिस जवानों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद एसपी ने थाना परिसर का निरीक्षण करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना स्टाफ के साथ बैठक कर थाना क्षेत्र में घटित होने वाले अपराधों, कानून व्यवस्था की स्थिति तथा अपराध नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सतर्कता और सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मामलों का शीघ्र निस्तारण करने तथा थाने में पेंडेंसी कम करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। इस दौरान वृत्ताधिकारी रावतसर सुभाष गोदारा तथा पुलिस थाना रावतसर के थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक ईश्वरानंद भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने एसपी को थाना क्षेत्र की कानून व्यवस्था और चल रही पुलिस गतिविधियों की जानकारी दी।

