ऐलनाबाद। शहर के वार्ड नंबर 9 स्थित श्री राम मंदिर में इस वर्ष रामनवमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। महोत्सव का शुभारंभ शनिवार प्रातः 5:15 बजे प्रभात फेरी से होगा, जो श्री सनातन धर्मशाला से प्रारंभ होकर श्री राम मंदिर तक पहुंचेगी। प्रभात फेरी के दौरान श्रद्धालु भगवान श्रीराम के जयकारों और भजनों के साथ नगर भ्रमण करेंगे, जिससे पूरे शहर में आध्यात्मिक माहौल बनेगा। इसके पश्चात प्रातः 8:15 बजे मंदिर प्रांगण में विधिवत हवन यज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु आहुति देकर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। महोत्सव के अंतर्गत रात्रि 8:15 बजे भगवान को भोग लगाया जाएगा। इसके बाद रात्रि 9:15 बजे से विशाल जागरण का आयोजन होगा, जो प्रभु इच्छा तक निरंतर चलता रहेगा। जागरण में प्रसिद्ध भजन कलाकार वैष्णवी जनवैजा (सूरतगढ़), मोंटी अग्रवाल और मंगल गुर्जर अपने भजनों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। कार्यक्रम का मंच संचालन ओपी पारीक द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर परम श्रद्धेय सतगुरु स्वामी श्री श्री जित्वानंद जी महाराज के करकमलों द्वारा ज्योति प्रज्ज्वलन किया जाएगा। इस भव्य धार्मिक आयोजन का संचालन श्रीमती शांति देवी शास्त्री चैरिटेबल ट्रस्ट एवं महेंद्र पारीक द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं और मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया है। रामनवमी महोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
संवाददाता- रमेश भार्गव
