ऐलनाबाद। खंड के गांव मिठनपुरा स्थित जागरूक सामाजिक संस्था शहीद भगत सिंह ट्रस्ट मिठनपुरा द्वारा शहीदी दिवस के अवसर पर छठे विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री श्री जितवानंद जी महाराज ने शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। रक्तदान शिविर में पुरुषों और महिलाओं सहित कुल 180 लोगों ने पंजीकरण करवाया। शिव शक्ति ब्लड बैंक सिरसा से आई चिकित्सकों की टीम द्वारा स्वास्थ्य जांच के बाद 139 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जबकि स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते 41 रक्तदाताओं को रक्तदान के लिए अयोग्य घोषित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कांग्रेस युवा नेता सुमित बेनीवाल ने ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की खुलकर सराहना की और ट्रस्ट को 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने स्वयं तथा उनकी टीम के सदस्यों ने भी रक्तदान कर युवाओं को रक्तदान के प्रति प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान गांव के राजकीय विद्यालय में कक्षा 10वीं व 12वीं में मेरिट प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को “राजकीय विद्यालय का गौरव” तथा गांव से राजकीय सेवा में चयनित कर्मचारियों को “गांव का गौरव” के रूप में सम्मानित किया गया। सुमित बेनीवाल ने कहा कि युवाओं को इस प्रकार के सामाजिक संगठनों से प्रेरणा लेकर अपने-अपने गांवों में भी क्लब व संगठन बनाकर समाजसेवा के कार्यों में आगे आना चाहिए, ताकि समाज में भाईचारा मजबूत हो और युवाओं का ध्यान नशे जैसी कुरीतियों से हटाकर खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों की ओर लगाया जा सके। इस मौके पर गांव के सरपंच अजय सोलंकी, ब्लॉक समिति सदस्य सुभाष भांभू, जिला परिषद प्रतिनिधि रामकुमार गोदारा, करणी सिंह सहू, श्रीकृष्ण गौशाला कमेटी के राजेंद्र भांभू, वेदपाल पूनिया, जगतार संरा, सुभाष सोलंकी सहित राजकीय विद्यालय मिठनपुरा के स्टाफ, ऐलनाबाद शहर के विभिन्न अस्पतालों व मेडिकल संचालकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा अनेक भामाशाहों ने विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लिया। शिव शक्ति ब्लड सेंटर की ओर से सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र तथा ट्रस्ट की ओर से शहीद भगत सिंह की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान राजस्थान के नोहर से आए अर्धसैनिक संगठन के सदस्यों ने भी ट्रस्ट के सामाजिक कार्यों की सराहना की।

इसी अवसर पर ब्लड मैन ऑफ इंडिया अमर सिंह नायक ने मिठनपुरा से वाघा बॉर्डर तक रक्तदान जागरूकता के लिए साइकिल यात्रा शुरू की, जिसे मुख्य अतिथि सुमित बेनीवाल तथा अर्धसैनिक संगठन के सदस्यों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था वर्ष 2013 से 2020 तक शहीद भगत सिंह युवा क्लब के रूप में सामाजिक कार्य करती रही। बढ़ते विश्वास के साथ इसे वर्ष 2021 में शहीद भगत सिंह ट्रस्ट मिठनपुरा के रूप में पंजीकृत किया गया। तब से हर वर्ष 23 मार्च शहीदी दिवस पर विशाल रक्तदान शिविर आयोजित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाती है। इसके अलावा ट्रस्ट द्वारा 28 सितंबर को शहीद भगत सिंह जयंती के अवसर पर 5 किलोमीटर मैराथन दौड़, 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण अभियान तथा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सरकारी सेवा में कार्यरत महिलाओं को सम्मानित करने जैसे कई सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। ट्रस्ट ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं, सहयोग देने वाले भामाशाहों, सामाजिक संगठनों और कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
संवाददाता- रमेश भार्गव
