ऐलनाबाद। राम नवमी के पावन अवसर पर शनिवार सुबह ऐलनाबाद में भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इस धार्मिक यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। प्रभात फेरी का शुभारंभ प्रातः 5:15 बजे श्री सनातन धर्मशाला से हुआ, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री राम मंदिर पहुंची। प्रभात फेरी के दौरान श्रद्धालु भगवान श्रीराम के भजनों का गान करते हुए “जय श्रीराम” के जयकारे लगाते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरी श्रद्धा के साथ इस धार्मिक यात्रा में शामिल हुए।

शहर के कई स्थानों पर लोगों ने प्रभात फेरी का फूल वर्षा कर स्वागत किया। वहीं ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के साथ चल रहे श्रद्धालुओं ने पूरे शहर में आध्यात्मिक उत्साह का माहौल बना दिया। प्रभात फेरी का समापन श्री राम मंदिर में हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद मंदिर प्रांगण में राम नवमी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले आगामी कार्यक्रमों की तैयारियां भी शुरू कर दी गईं। आयोजकों के अनुसार राम नवमी के अवसर पर दिनभर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रमों में भाग लें और धर्म लाभ प्राप्त करें।
संवाददाता- रमेश भार्गव
