ऐलनाबाद। जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक हरवीर सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस, सीएनजी तथा पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि आमजन को किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान देने या घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि बीते दिन जिले में कुल 7501 गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया, जो इस बात का प्रमाण है कि सप्लाई चेन व्यवस्थित ढंग से कार्य कर रही है। विभाग द्वारा गैस एजेंसियों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है तथा नियमित रूप से स्टॉक की समीक्षा की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति उत्पन्न न हो। हरवीर सिंह ने बताया कि सभी गैस एजेंसियों के पास घरेलू सिलेंडरों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर गैस की डिलीवरी की जा रही है। उन्होंने एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूल न की जाए। यदि कोई एजेंसी या व्यक्ति तय कीमत से अधिक वसूली करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कालाबाजारी और गैस के अवैध उपयोग पर विभाग की पैनी नजर बनी हुई है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से दूर रहें और किसी भी प्रकार की समस्या या अनियमितता की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें।
संवाददाता- रमेश भार्गव
