हनुमानगढ़। आबकारी आयुक्त की ओर से 16 मार्च से 31 मार्च तक चलाए गए विशेष अभियान के तहत जिला कलक्टर और जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में आबकारी विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न गांवों में संयुक्त रेड का आयोजन किया। अभियान के दौरान गंगागढ़, गंगाघाट, देबूघाट, श्रीनगर, अमरपुरथेड़ी समेत अन्य क्षेत्रों में दबिश दी गई। इस दौरान लगभग 4000 लीटर उत्तेजित लाहन (हथकढ़ शराब बनाने के लिए तैयार वाश) और 8 कच्ची भट्ठियां नष्ट की गईं। साथ ही 1 अभियोग भी दर्ज किया गया। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि जिले में विशेष निरोधात्मक अभियान के दौरान अब तक 30 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं और कुल 18400 लीटर उत्तेजित लाहन जब्त कर नष्ट किया गया। इस वित्तीय वर्ष में अब तक कुल 611 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं। यह अभियान हथकढ़ शराब की बिक्री और कशीदगी को रोकने के लिए निरंतर जारी है। इस कार्रवाई में हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी अमर सिंह, भादरा प्रहराधिकारी विरेन्द्र सिंह, नोहर प्रहराधिकारी कमल सिंह, संगरिया प्रहराधिकारी विनोद कुमार और जमादार हुसैन खान सहित जाप्ता शामिल रहा। जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि भविष्य में भी अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
