– डीसीसी ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, कहा-राजनीतिक समर्थन के आधार पर न हो किसी के खिलाफ कार्रवाई
हनुमानगढ़। नगरीय निकाय चुनाव की मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद कांग्रेस समर्थित पार्षदों, प्रत्याशियों और उनके परिजनों पर कथित पुलिस एवं प्रशासनिक दबाव बनाए जाने का मुद्दा सामने आया है। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शुक्रवार को इस संबंध में पुलिस अधीक्षक बी आदित्य को ज्ञापन सौंपकर शिकायतों की निष्पक्ष, तथ्यात्मक एवं पारदर्शी जांच कराने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की गई। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि चुनाव सम्पन्न होने के बाद जिले के विभिन्न स्थानों से ऐसी शिकायतें एवं सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं कि कुछ स्थानों पर कांग्रेस समर्थित पार्षदों, प्रत्याशियों और उनके परिजनों को पुलिस एवं प्रशासनिक स्तर पर कथित रूप से परेशान करने, दबाव में लेने अथवा भय का वातावरण उत्पन्न करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कुछ मामलों में सरकारी मशीनरी एवं पुलिस तंत्र का कथित रूप से राजनीतिक उद्देश्य से उपयोग कर कांग्रेस समर्थित व्यक्तियों को प्रभावित अथवा दबाव में लेने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस ने इन शिकायतों की वास्तविकता का निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के माध्यम से निर्धारण किए जाने की मांग की। कांग्रेस पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति के खिलाफ वास्तविक आपराधिक प्रकरण, शिकायत या वैधानिक कार्रवाई लंबित है तो पुलिस को कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है। हालांकि कार्रवाई किसी व्यक्ति के राजनीतिक समर्थन, विचार या चुनावी गतिविधि के आधार पर नहीं, बल्कि तथ्यों, साक्ष्यों और कानून के निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप किए जाने की मांग की गई। ज्ञापन के जरिए कांग्रेस की ओर से मांग की गई कि कांग्रेस एवं कांग्रेस समर्थित पार्षदों तथा उनके परिजनों के खिलाफ किसी भी प्रकार की कार्रवाई कानूनसम्मत प्रक्रिया के तहत हो, किसी व्यक्ति पर अनावश्यक दबाव या भय का वातावरण उत्पन्न न किया जाए और किसी पार्षद अथवा उसके परिजन के खिलाफ शिकायत या प्रकरण होने पर निष्पक्ष जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही पुलिस एवं प्रशासनिक मशीनरी का किसी राजनीतिक उद्देश्य के लिए दुरुपयोग नहीं होने तथा जनप्रतिनिधियों को लोकतांत्रिक रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए उचित वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी, कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी, सोशल मीडिया प्रभारी जयराम ढुकिया, रामदयाल शर्मा, बनवारी लाल, गुरलाल सिंह, ओमप्रकाश सैनी, मांगीलाल स्वामी, मोहनलाल इंदलिया, रणवीर, हरप्रीत ढिल्लों, कृष्ण स्वामी, सुरेन्द्र मारवाल, हरिओम शर्मा, वीरेन्द्र, विनोद, अमन, योगेन्द्र इत्यादि मौजूद रहे।
