हनुमानगढ़। पीलीबंगा पुलिस थाना में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पीलीबंगा के आदेश पर एक कार चालक के खिलाफ जानलेवा हमला, लापरवाही से वाहन चलाने व अभद्र भाषा के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार वार्ड 5, मंडी पीलीबंगा निवासी मंजू सोनी पुत्री रामकुमार सोनी ने कोर्ट में इस्तगासा पेश किया। परिवाद में बताया गया कि 2 जनवरी 2026 की शाम उनकी बहन माया सोनी सीएफसी जिम से स्कूटी पर घर लौट रही थीं। गांधी स्टेडियम के सामने कार नम्बर आरजे 31 सीबी 7477 के चालक रजत सिहाग पुत्र रणजीत सिंह, निवासी वार्ड तीन, पीलीबंगा ने बिना इंडिकेटर दिए अचानक कार मोड़ दी, जिससे माया सोनी संतुलन खोकर गिर गईं। आरोप है कि विरोध करने पर चालक ने शराब के नशे में गाली-गलौज की। बाद में संजीवनी अस्पताल के आगे कार दिखाई देने पर परिवादिया व उसकी बहन ने उसे रोका तो आरोपी ने पुन: अभद्र व्यवहार किया और कार लेकर सूरतगढ़ रोड की ओर भाग गया। परिवाद के अनुसार पीछा करने पर सूरतगढ़-लखूवाली मार्ग पर आरोपी ने जान से मारने के आशय से परिवादिया की स्कूटी को दो बार टक्कर मारी तथा कार चढ़ाने का प्रयास किया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों को देखकर आरोपी धमकी देता हुआ फरार हो गया। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान एएसआई बलतेज सिंह को सौंपा है।
