नोहर। नोहर थाना क्षेत्र के गांव बड़बिराना में अज्ञात चोरों की ओर से खेतों से सौर ऊर्जा के केबल तार व ट्यूबवेल सामग्री चोरी करने का मामला सामने आया है। नोहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वार्ड 8, बड़बिराना निवासी लीलाधर (65) पुत्र सहीराम ढाका ने नोहर पुलिस थाना में रिपोर्ट दी कि 17 फरवरी से 18 फरवरी की मध्य रात्रि के दौरान उनके खेत से करीब 200 फुट सौर ऊर्जा के केबल तार चोरी कर लिए गए। परिवादी ने बताया कि क्षेत्र में अन्य किसानों के खेतों में भी चोरी की वारदातें हुई हैं। 20 फरवरी की मध्य रात्रि को भी कई स्थानों पर चोरी की घटनाएं सामने आईं। नेकीराम पुत्र राधाकिशन, रोही मौजा चक सरदारपुरा के खेत से 32 प्लेटों के केबल तार व 40 फव्वारा नोजल, अशोक पुत्र श्योलाल, बड़बिराना के खेत से प्लेटों के तार व ट्यूबवेल की कॉयल, रोहिताश पुत्र रावताराम, बड़बिराना के खेत से 9 प्लेटों के तार व 40 फुट कॉयल, सुरेंद्र पुत्र करनैल सिंह, बड़बिराना के खेत से सौर ऊर्जा के केबल तार व 8 नोजल तथा सरवन पुत्र जेसाराम, बड़बिराना के खेत से कॉयल तार व नोजल के फव्वारे चोरी हो गए। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल विजय सिंह को सौंपी है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से किसानों में रोष व्याप्त है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
