-विकास नहीं, समाज में दरार डालकर राजनीति करती है बीजेपी : बृजेंद्र सिंह
ऐलनाबाद। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी की राजनीति विकास के मुद्दों पर नहीं, बल्कि समाज को बांटकर वोट हासिल करने की रणनीति पर आधारित है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों, युवाओं और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भाजपा सरकार ने कभी स्पष्ट और ठोस वादे नहीं किए। बृजेंद्र सिंह मंगलवार को अपनी सद्भाव यात्रा के दौरान आयोजित जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री द्वारा किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही गई थी, लेकिन चार साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी इस दिशा में कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया। उन्होंने बेरोजगारी के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि ठोस रोजगार योजनाओं की बजाय “पकोड़े बनाओ” जैसे बयान दिए गए, जिससे यह धारणा मजबूत होती है कि सरकार असली मुद्दों से ध्यान हटाकर भावनात्मक और विभाजनकारी राजनीति को बढ़ावा दे रही है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा हर आंदोलन और हर समुदाय में दरार खोजने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान भी सिख समुदाय के भीतर भेदभाव दिखाने की कोशिश की गई, ताकि आंदोलन की एकजुटता को कमजोर किया जा सके और राजनीतिक लाभ उठाया जा सके। अपने संबोधन में बृजेंद्र सिंह ने सिख समुदाय की विशेषताओं की सराहना करते हुए कहा कि सिख समाज अपनी साफगोई और सेवा भावना के लिए जाना जाता है। किसान आंदोलन के दौरान जिस तरह से लंगर और अन्य सहायता की व्यवस्था की गई, वह उनकी सेवा भावना का सबसे बड़ा उदाहरण है। इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा आज 178वें दिन कालांवाली विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश कर गई। यात्रा की शुरुआत मंगलवार को गांव कुरंगावाली से हुई, जहां ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया।

इसके बाद यात्रा गांव सुखचैन, खतरावा, तिलोकेवाला और तारुआना होते हुए कालांवाली शहर पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। इस अवसर पर पूर्व विधायक बलकोर सिंह, जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल, पूर्व विधायक प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा, निर्मल सिंह मलड़ी, सुखदेव सिंह बड़ा गुढ़ा, अमनदीप कुरंगावाली, हरदेव सिंह कुरंगावाली, लखविंदर नंबरदार, गुरप्रीत प्रधान, सुखदीप, मलकीत सिंह गंगा, दलजीत सिंह पंघाल, राजपाल जैलदार रतिया, परगट सिंह और पूर्व चेयरमैन अवतार सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। हरियाणा की बदलती राजनीति पर टिप्पणी करते हुए बृजेंद्र सिंह ने कहा कि पहले प्रदेश की राजनीति कांग्रेस और लोकदल के इर्द-गिर्द घूमती थी, लेकिन अब भाजपा के उभार के बाद मुकाबला सीधे कांग्रेस और भाजपा के बीच हो गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय दल अकेले भाजपा जैसी संगठित और विचारधारा आधारित पार्टी का मुकाबला नहीं कर सकते, क्योंकि भाजपा अपने विरोधियों को एक-एक कर कमजोर करने की रणनीति अपनाती है।
संवाददाता- रमेश भार्गव
