ऐलनाबाद। जिला सिरसा पुलिस की विभिन्न टीमों ने गश्त व चेकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों से तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 28 ग्राम 364 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एबीवीटी स्टाफ सिरसा के प्रभारी ने बताया कि एबीवीटी स्टाफ की एक पुलिस टीम सुरखाब चौक, सिरसा की ओर गश्त पर थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक सामने से आता दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर उसने अचानक बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। शक के आधार पर पुलिस ने उसे काबू कर लिया। आरोपी की पहचान सतीश कुमार उर्फ नोनी पुत्र पवन कुमार निवासी गली नंबर-3, इंदिरा कॉलोनी, सिरसा के रूप में हुई। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 14 ग्राम 27 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। एक अन्य मामले में सीआईए सिरसा की टीम मलड़ी रोड रोड़ी स्थित नहर पुल के पास गश्त पर थी। इस दौरान एक बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने लगा।

पुलिस ने उसे पकड़कर तलाशी ली तो आरोपी गुरप्रीत पुत्र गुरमीत सिंह निवासी गांव रोड़ी, जिला सिरसा के कब्जे से 8 ग्राम 300 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। वहीं तीसरी कार्रवाई में सीआईए ऐलनाबाद की टीम गश्त व चेकिंग के दौरान वार्ड नंबर-13, रानियां के पास मौजूद थी। इसी दौरान एक व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया, जिसने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे काबू कर तलाशी ली तो उसकी पहचान सुखवंत सिंह उर्फ सूखा पुत्र दर्शन सिंह निवासी वार्ड नंबर-13, रानियां के रूप में हुई। उसके कब्जे से 6 ग्राम 37 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि पूछताछ के दौरान हेरोइन तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी हासिल कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
संवाददाता- रमेश भार्गव
