हनुमानगढ़। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोगामेड़ी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थ, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा एवं अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में गोगामेड़ी थाना प्रभारी चन्द्रकला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गश्त के दौरान चक 12 डीपीएन, रोही गोगामेड़ी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए विकास (26) पुत्र धन्नाराम भार्गव निवासी रामगढ़ तहसील नोहर को एक अवैध देशी पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई लीलाधर की ओर से की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में एएसआई महावीर प्रसाद, हेड कांस्टेबल संदीप, कांस्टेबल जयराम व राकेश कुमार शामिल रहे। इस कार्रवाई में डीएसटी सेक्टर नोहर का विशेष सहयोग रहा। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
