हनुमानगढ़। कूलिंग पैड की आपूर्ति के एवज में बकाया 1 लाख 73 हजार 239 रुपए का भुगतान नहीं करने और राशि हड़पने के आरोप में जंक्शन थाना पुलिस ने पीलीबंगा निवासी एक उद्योग संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हनुमानगढ़ के आदेश पर प्राप्त इस्तगासे के आधार पर की गई। पुलिस के अनुसार परिवादी इकबाल अंसारी पुत्र जमील अंसारी निवासी वार्ड नम्बर 5, नई खुन्जा, जंक्शन ने न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया। परिवादी ने बताया कि वह महक कूलिंग पैड नाम से कूलिंग पैड का व्यवसाय करता है। आरोप है कि राजेन्द्र उर्फ लाजेन्द्र पुत्र रामकरण निवासी वार्ड नम्बर 1, लखूवाली तहसील पीलीबंगा, जो राजश्री इंडस्ट्रीज नाम से कूलर निर्माण इकाई का संचालन करता था, ने वर्ष 2022 में अपनी फैक्ट्री के लिए 1 लाख 43 हजार 239 रुपए के कूलिंग पैड खरीदे थे। परिवाद के अनुसार आरोपी ने प्रारंभ में 30 हजार रुपए का भुगतान किया तथा शेष 1 लाख 13 हजार 239 रुपए बाद में देने का आश्वासन दिया। इसके बाद आरोपी ने 60 हजार रुपए के अतिरिक्त कूलिंग पैड भी मंगवा लिए और पूरी राशि एक साथ चुकाने की बात कही। परिवादी का आरोप है कि समय बीतने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। जब उसने अपने परिचित प्रभाकर झा के साथ पीलीबंगा जाकर बकाया 1 लाख 73 हजार 239 रुपए मांगे तो आरोपी ने भुगतान करने से साफ इंकार कर दिया। परिवाद में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने कहा कि उसने ठगी करनी थी और कर ली, अब जो करना है कर लो। न्यायालय से प्राप्त इस्तगासे के अवलोकन के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामला भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई खेमराज को सौंपी गई है। पुलिस प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।
