हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के तीन दिवसीय कृषि मेले के दौरान नन्ही निष्ठा की ओर से तैयार किए गए वीडियो इन दिनों विशेष चर्चा का विषय बने हुए हैं। नन्ही निष्ठा ने मेले के निमंत्रण से लेकर विभिन्न गतिविधियों और खास अतिथियों के साथ संवाद तक कई आकर्षक वीडियो तैयार किए, जिन्हें सोशल मीडिया पर व्यापक सराहना मिल रही है। निष्ठा ने हास्य कलाकार ख्याली सहारण के साथ कृषि मेले को लेकर विशेष बातचीत का वीडियो तैयार किया, जो दर्शकों को काफी पसंद आया। उनके सहज प्रश्नों और मासूम अंदाज ने बातचीत को और भी रोचक बना दिया। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय मोटिवेशनल स्पीकर केडी सुषमा के साथ उनका संवाद भी चर्चा में रहा। इन वीडियो के माध्यम से मेले की गतिविधियों, कृषि नवाचारों, आधुनिक तकनीकों और किसानों के लिए उपयोगी जानकारियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। छोटी उम्र में निष्ठा का आत्मविश्वास और प्रस्तुतीकरण शैली लोगों के लिए प्रेरणादायक बन रही है। इस मौके पर श्री गुरु गोबिंद सिंह चेरिटेबल ट्रस्ट अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं कृषि जागरूकता को बढ़ावा देना है। नन्ही निष्ठा जैसी प्रतिभाओं की ओर से किए गए प्रयास न केवल कार्यक्रम को व्यापक पहचान दिलाते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को भी सकारात्मक संदेश देते हैं।
