कैथल। हरियाणा के कैथल जिले के सिटी मजिस्ट्रेट गुरविंदर सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। यह आदेश चीफ सेक्रेटरी ऑफिस की ओर से जारी किए गए हैं और अधिकारी की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए। सीएस पोर्टल पर सस्पेंशन की तारीख 6 अप्रैल दर्ज है। हालांकि जारी आदेशों में सस्पेंशन का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार जिले में मंडी प्रबंधन में कथित अनियमितताओं को लेकर यह कार्रवाई की गई है। बताया जा रहा है कि सरकारी मंडियों में चल रही गेहूं खरीद और उठान प्रक्रिया के टेंडर को लेकर लापरवाही सामने आई है। जिला प्रशासन के प्रवक्ता ने भी सस्पेंशन की पुष्टि की है। इस मामले में जब सीटीएम गुरविंदर सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि उन्हें सस्पेंशन की सूचना ईमेल के माध्यम से मिलने की जानकारी स्टाफ से मिली है। उस समय वे कार्यालय से जा चुके थे और अभी तक उन्होंने अपनी मेल नहीं देखी है।

उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें सस्पेंशन के कारणों की जानकारी नहीं है और वे स्वयं इसके बारे में पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार जिले में करीब 30 मंडियां हैं, लेकिन गेहूं उठान का टेंडर अब तक केवल 8 मंडियों में ही हो पाया है। इसके चलते बड़ी मात्रा में गेहूं खुले आसमान के नीचे पड़ा है। मौसम में लगातार बदलाव को देखते हुए प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की है। गुरविंदर सिंह महेंद्रगढ़ जिले के कनीना क्षेत्र के बाघोत गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने तीन साल पहले पहले ही प्रयास में हरियाणा सिविल सर्विस परीक्षा पास की थी। उन्होंने आरपीएस स्कूल महेंद्रगढ़ से 12वीं की पढ़ाई की, जहां वे स्कूल स्तर पर टॉपर रहे। इसके बाद उन्होंने कुरुक्षेत्र एनआईटी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया। बीटेक के बाद उन्होंने यूपीएससी की तैयारी भी की और दो बार लिखित परीक्षा पास की। वर्तमान में वे करीब दो साल से कैथल में सिटी मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात थे। गुरविंदर सिंह का कहना है कि वे सस्पेंशन के कारणों का पता लगाकर नियमानुसार जवाब देंगे और आगे की कार्रवाई का पालन करेंगे।
