धार। जिले के धामनोद स्थित खलघाट टोल टैक्स के समीप किसानों की मांगों को लेकर किए गए चक्काजाम मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत 10 वर्तमान और 3 पूर्व विधायकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले में 25 से अधिक कांग्रेस नेताओं को नामजद आरोपी बनाया गया है।धामनोद पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में बाला बच्चन, हनी बघेल, प्रताप ग्रेवाल, कांतिलाल भूरिया, सचिन यादव, हीरालाल अलावा, झूमा सोलंकी, केदार डावर और मोंटू सोलंकी के नाम शामिल हैं। इसके अलावा पूर्व विधायक विजयलक्ष्मी साधौ, पंचीलाल मेडा, नवीन जोशी तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी पर भी प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 220/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 191(2) एवं राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम की धारा 8(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। आरोप है कि बिना अनुमति मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर यातायात बाधित किया गया। दरअसल कांग्रेस द्वारा किसानों की फसल बीमा राशि, खाद-बीज की किल्लत और अघोषित बिजली कटौती जैसे मुद्दों को लेकर आंदोलन आयोजित किया गया था। प्रदर्शन के चलते नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ, जिसके बाद प्रशासन ने वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया। आंदोलन के दौरान भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात रहे। दोपहर करीब 3 बजे धार कलेक्टर प्रदर्शन स्थल पहुंचे और कांग्रेस नेताओं से ज्ञापन प्राप्त किया। ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस नेताओं ने धरना समाप्त करने की घोषणा कर दी।
