बैतूल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ‘राहुल भैया’ मंगलवार को बैतूल पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक लेकर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संगठन मजबूत करने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया। बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने राज्यसभा चुनाव, कांग्रेस में गुटबाजी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की टिप्पणी और किसानों की समस्याओं सहित कई मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा। राज्यसभा चुनाव को लेकर अजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस को किसी भी प्रकार की क्रॉस वोटिंग का डर नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी उचित समय पर अपना उम्मीदवार घोषित करेगी और सभी विधायक एकजुट होकर पार्टी के फैसले का समर्थन करेंगे। कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने स्वीकार किया कि पार्टी में पहले गुटबाजी रही है, लेकिन यह कोई छिपी हुई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि हर राजनीतिक दल में अलग-अलग समूह होते हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में भाजपा में कांग्रेस से अधिक गुटबाजी दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि कोई नरेंद्र सिंह तोमर के साथ है, कोई शिवराज सिंह चौहान, खंडेलवाल या प्रह्लाद पटेल के साथ है। अब समय आ गया है कि कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ संघर्ष करें। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को लेकर कथित रूप से की गई “दो कौड़ी” वाली टिप्पणी पर अजय सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि किसी भी मुख्यमंत्री ने आज तक किसी विपक्षी दल के प्रदेश अध्यक्ष के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया है। उन्होंने इसे अशोभनीय, निंदनीय और लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ बताया। अजय सिंह ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में गरिमा और मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने भाजपा नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इस मामले में पार्टी नेतृत्व को हस्तक्षेप करना चाहिए था। सत्ता के अहंकार में भाजपा नेताओं को अब यह समझ नहीं आ रहा कि कौन सी भाषा मर्यादित है और कौन सी नहीं। किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए अजय सिंह ने प्रदेश सरकार पर गेहूं और मूंग खरीदी में लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर बारदानों की कमी और पोर्टल नहीं खुलने जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तकनीकी और प्रशासनिक कारणों का हवाला देकर खरीदी प्रक्रिया प्रभावित की जा रही है। अजय सिंह ने कहा कि किसानों की उपज की खरीदी किसी भी बहाने से नहीं रुकनी चाहिए। उनका दावा था कि सरकार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण खरीदी व्यवस्था प्रभावित हो रही है और इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों, युवाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी तथा जनहित के सवालों पर संघर्ष जारी रखेगी।
