वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल कार्यालय में मंगलवार को आयोजित सांसदों की बैठक में उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वांचल के विभिन्न जिलों के जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों के लिए नई ट्रेनों के संचालन, बंद ठहरावों की बहाली और यात्री सुविधाओं में सुधार की मांग जोरदार ढंग से उठाई। बैठक की अध्यक्षता छपरा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने की। इसमें 11 सांसदों और 14 सांसद प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में अधिकांश सांसदों ने रेलवे अंडरपासों में जलभराव की समस्या, स्टेशनों पर स्वच्छ पेयजल, शौचालयों की व्यवस्था तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। साथ ही कोरोना काल में बंद किए गए कई ट्रेनों के ठहराव को पुनः बहाल करने की मांग भी रखी गई, जिस पर रेलवे अधिकारियों ने सकारात्मक आश्वासन दिया। छपरा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने छपरा, छपरा कचहरी समेत अन्य स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग की। उन्होंने कोरोना काल से बंद मौर्य एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस और लिच्छवी एक्सप्रेस के ठहराव को बहाल करने के साथ ही कामायनी एक्सप्रेस एवं बलिया-नई दिल्ली सुपरफास्ट ट्रेन को छपरा तक विस्तारित करने का प्रस्ताव रखा। इसके अलावा छपरा-सिवान और बलिया से पटना के लिए कार्यालय समय के अनुरूप डीएमयू/मेमू सेवाएं शुरू करने की मांग की। राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने शिवगंगा एक्सप्रेस और बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस में वातानुकूलित प्रथम श्रेणी के यात्रियों के लिए प्रस्थान से पूर्व बेडरोल उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। उन्होंने वाराणसी-लखनऊ शटल एक्सप्रेस को कानपुर तक विस्तारित करने तथा रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सेनेटरी नैपकिन डिस्पेंसर मशीनें लगाने का प्रस्ताव भी रखा। राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने बनारस, वाराणसी जंक्शन और वाराणसी सिटी के बीच लोकल ट्रेन अथवा रेल बस चलाने तथा क्षेत्र के अंडरपासों में जलभराव रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी ने गाजीपुर सिटी-मऊ नई रेल लाइन परियोजना की प्रगति की जानकारी मांगी। साथ ही विभिन्न रेलवे क्रॉसिंगों पर रेल ओवरब्रिज निर्माण और यूसुफपुर रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजना में शामिल करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने यूसुफपुर स्टेशन पर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस का बंद ठहराव पुनः शुरू करने की भी मांग की। घोसी सांसद राजीव राय ने कोपागंज, मऊ और इंदारा-बलिया रेलखंड पर कई स्थानों पर अंडरपास निर्माण तथा मऊ स्टेशन के निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज को सईद रोड तक विस्तारित करने का सुझाव दिया। चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह ने बनारस से डिब्रूगढ़ के लिए न्यू जलपाईगुड़ी और गुवाहाटी होते हुए नई ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रखा। साथ ही चंद्रवती रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास निर्माण और वाटर लेवल की पुनः जांच कराने का अनुरोध किया। जौनपुर सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने कोरोना काल से बंद ट्रेनों और उनके ठहरावों को बहाल करने की मांग करते हुए जौनपुर सिटी स्टेशन पर हरिहरनाथ एक्सप्रेस, ओखा एक्सप्रेस समेत कई लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई। उन्होंने वाराणसी-लखनऊ शटल एक्सप्रेस को कानपुर तक विस्तार देने का भी प्रस्ताव रखा। बैठक के दौरान सांसदों ने रेलवे प्रशासन से यात्रियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए लंबित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया। रेलवे अधिकारियों ने सभी सुझावों और मांगों पर नियमानुसार विचार कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
